August 22, 2026

रेलवे फ्रंट ने किया पेंशन तिरंगा रैली का समर्थन, पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जताई एकजुटता

रेलवे फ्रंट ने किया पेंशन तिरंगा रैली का समर्थन, पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जताई एकजुटता


इज्जतनगर। अटेवा-NMPOS के आह्वान पर 21 अगस्त को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित पेंशन तिरंगा रैली को फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे (FANPSR) ने समर्थन दिया। संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने रैली में शामिल होकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच के आंदोलन को अपना समर्थन और उत्साहवर्धन किया।

रैली में शामिल फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे के पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के मंडल संयोजक जयेन्द्र शेखर गुप्ता ने कहा कि संगठन पुरानी पेंशन योजना की बहाली, कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा अधिकारों तथा सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन की व्यवस्था के लिए किए जा रहे सभी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है।

उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों की मांग नहीं है, बल्कि यह उनके बुढ़ापे की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और कल्याणकारी राज्य की अवधारणा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न कर्मचारी संगठनों के बीच सहयोग और एकजुटता समय की आवश्यकता है।

FANPSR इज्जतनगर मंडल ने कहा कि संगठन न केवल पेंशन तिरंगा रैली, बल्कि भविष्य में भी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर उठने वाली हर आवाज का पुरजोर समर्थन करेगा और कर्मचारी हितों के इस अभियान में हरसंभव सहभागिता सुनिश्चित करेगा।

संगठन ने विश्वास जताया कि कर्मचारियों और शिक्षकों की व्यापक एकजुटता से पुरानी पेंशन बहाली का आंदोलन और अधिक मजबूत होगा तथा कर्मचारियों की मांग को शासन और नीति-निर्माताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सफलता मिलेगी।