मण्डलायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस पर कमिश्नरी प्रांगण में किया ध्वजारोहण
अमर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए शहीद हुए वीरों को दी श्रद्धांजलि
बरेली, 15 अगस्त। मण्डलायुक्त शम्भु कुमार ने आज स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर कमिश्नरी प्रांगण में ध्वजारोहण किया। इसके बाद मण्डलायुक्त एवं अन्य अधिकारियों द्वारा अमर शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर नमन किया। मण्डलायुक्त ने कमिश्नरी प्रांगण में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम वंदे मातरम की आज 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और यह आजादी का जश्न नहीं बल्कि उन वीर सपूतों के सपनों की हकीकत है जिन्होंने देश को आजाद करने के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि हमारा देश तभी सफलता की ओर अग्रसर होगा जब हम लोग अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज हमने शिक्षा तथा रोजगार के स्तर पर सफलता हासिल कर ली है परंतु अभी भी कुछ परिस्थितियों में हमारा देश पिछड़ा है। उन्होंने कहा कि हमें यह पूर्ण विश्वास है कि 2047 तक हमारा देश विकसित देश की श्रेणी में खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि आजादी का मतलब केवल झण्डा फहराना नहीं बल्कि आपसी भाईचारा, दोस्ती और प्यार को फैलाना भी है। उन्होंने कहा कि हमें इस बात पर भी विचार करना चाहिए कि हम भारत को आगे बढ़ाने में किस प्रकार से प्रयास सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आज हमारे पास खाद्यान्न का इतना भंडार है कि हम दूसरे देशों को भी भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन हर भारतीय के लिए गौरव का प्रतीक है और हमें राष्ट्र की प्रगति और सद्भाव के लिए प्रेरित करता है। स्वतंत्रता दिवस केवल अतीत की याद नहीं है, बल्कि यह भविष्य की दिशा भी तय करता है और हमें शिक्षा, समानता व सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए ताकि हमारे देश का भविष्य उज्जवल हो।
इस अवसर पर अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल, संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये। स्कूली छात्र/छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर अपनी-अपनी प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित लोगों ने प्रशंसा की।
इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त, अपर आयुक्त प्रशासन, अपर आयुक्त न्यायिक सहित कमिश्नरी के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
——————————-

More Stories
स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ सम्पन्न