नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित रबूपुरा थाना क्षेत्र के नंगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात में मेला देखकर घर लौटा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात करीब 10 बजे मेला देखकर घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद खाने के लिए मैगी और चाय बनाई गई। परिवार के सभी सदस्यों ने इसका सेवन किया और फिर सोने चले गए। सुबह पांचों सदस्य मृत पाए गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, खाद्य पदार्थों की होगी जांच
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती तौर पर किसी खाद्य पदार्थ के सेवन से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग समेत संबंधित विभागों को भी जांच के लिए बुलाया गया है। खाने में इस्तेमाल किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराए जाने की बात सामने आई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पांचों लोगों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच के परिणाम सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अभी फूड पॉइजनिंग की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

More Stories
लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग की सख्ती, 219 संविदाकर्मियों को नोटिस; नौकरी पर मंडराया खतरा
गौरी शंकर महाविद्यालय, आंवला में 14 अक्टूबर को वृहद रोजगार मेले का किया जाएगा आयोजन
आम के पेड़ पर मिले युवक-युवती के शव, पुलिस जांच में जुटी