August 15, 2026

स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ सम्पन्न

बरेली। बासुबरल सरस्वती विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन तथा रोटरी क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं शानदार परेड प्रस्तुत कर अतिथियों और विद्यालय प्रबंधन को सलामी दी। मंचीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना साफ दिखाई दी।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से श्री मुरली गोयल एवं श्री कमलेश मित्तल तथा प्रधानाचार्या श्रीमती जूही शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बांस बरेली के रोटेरियन वी.पी. खंडेलवाल, सुभाष अग्रवाल, राजेश अग्रवाल एवं गौरव खंडेलवाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।