उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन की रेटिंग में पश्चिमांचल डिस्कॉम अव्वल
लोकतंत्र भास्कर
मेरठ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड लखनऊ द्वारा जारी चालीस जोन की मंथली (जनवरी-24) रैंक लिस्ट में मुजफ्फरनगर जोन प्रथम स्थान और मेरठ जोन-2 ने प्रदेश भर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है, वहीं प्रदेश के 120 विद्युत वितरण मंडलों में विद्युत वितरण मंडल सम्भल को प्रथम स्थान व विद्युत वितरण मंडल-1 मेरठ को प्रदेश भर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
विद्युत परीक्षण खण्डों द्वारा दोषपूर्ण मीटर, बिजलीघरों की टेस्टिंग एवं एमआरआई बिलिंग में महत्वपूर्ण योगदान दिए जाने पर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा विद्युत नगरीय परीक्षण खण्ड मुरादाबाद को प्रथम, विद्युत नगरीय परीक्षण खण्ड सहारनपुर को द्वितीय स्थान एवं विद्युत परीक्षण खण्ड-प्रथम मुरादाबाद को तृतीय स्थान प्रदान किया गया है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन द्वारा जारी इस रैंक को तय करने के लिए राजस्व वसूली, ओवरओल बिलिंग प्रतिशत, 10 किलोवाट से अधिक भार व 5 किलोवाट से 10 किलोवाट भार वाले संयोजनों की एमआरआई बिलिंग, थ्रू-रेट और मीटर आधारित बिलिंग जैसे अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए गए हैं। प्रबंध निदेशक चैत्रा वी. ने इस उपलब्धि के लिए टीम पीवीवीएनएल को बधाई दी है। प्रबंध निदेशक ने कहा है कि डिस्कॉम के अथक प्रयासों के कारण पश्चिमांचल डिस्कॉम के जोन, मंडल एवं परीक्षण खण्डों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त हुए हैं।