गायत्री परिवार का 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ 2 मार्च को
-पांच मार्च तक रोहटा रोड पर होगा विशाल गायत्री महायज्ञ एवं दीप यज्ञ
लोकतंत्र भास्कर
मेरठ। जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट मेरठ (संबद्ध) शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा रोहटा रोड पर 2 मार्च से 5 मार्च तक होने वाले 51 कुंड गायत्री महायज्ञ एवं विशालदीप यज्ञ के आयोजन की प्रेस वार्ता यज्ञ स्थल पर आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता दुष्यंत रोहटा ने बताया, 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के माध्यम से शांतिकुंज हरिद्वार के संस्थापक वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के तत्वावधान में मनुष्य में देवत्व का जागरण एवं धरती पर स्वर्ग का अवतरण मिशन का मूल उद्देश्य को पूरा करना है। गायत्री महायज्ञ में सभी 16 संस्कार प्रतिदिन निशुल्क कराएं जाएंगे। यज्ञ के माध्यम से रोजाना हजारों लोगों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया जाएगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 2 मार्च को सुबह 9:00 बजे सर्वप्रथम यज्ञ स्थल से रोहटा रोड पर विशाल भव्य कलश यात्रा यज्ञ स्थल से निकाली जाएगी। कलश यात्रा में लगभग 1100 महिलाएं सिर पर कलश धारण करके चलेगी। कलश यात्रा में गायत्री माता, भारत माता, रानी लक्ष्मीबाई, पर्यावरण सुरक्षा आंदोलन, नारी शक्ति आंदोलन, महाकाल शिव भगवान आदि झांकियां निकाली जाएगी। उप जोन प्रभारी अशोक सिंह ने कहा, कथा का आयोजन प्रतिदिन शांतिकुंज हरिद्वार की टोली द्वारा संपन्न किया जाएगा। जिला संयोजक ओमकार सहारण ने कहा, विशाल महाद्वीप यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। दीप यज्ञ में उप कुलपति देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार डॉक्टर चिन्मय पांडेय का यज्ञ में उद्बोधन होगा। इस मौके पर मुख्य ट्रस्टी जीके अग्रवाल, परिवाजक राम अवतार तोमर, प्रफुल्ल साहू, अमर देव, सुनीता चौधरी, रणबीर सिंह, चंद्रशेखर, सीमा सहारण, सीखा सहारण, विक्रम सिंह, सुनीता चौहान आदि मौजूद रहे।