भाकियू इंडिया ने किया किसानों की मांगों का समर्थन
लोकतंत्र भास्कर
मेरठ। किसान, मजदूरों की मांगों को लेकर पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच पर हरियाणा सरकार व हरियाणा पुलिस द्वारा जिस प्रकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़ गये व बैरिकेंडिंग की गई, उसकी भारतीय किसान यूनियन इंडिया ने सख्त शब्दों में निंदा की।
यूनियन के पश्चिमी उ.प्र. अध्यक्ष संदीप तितौरिया खटीक द्वारा केन्द्र सरकार से किसानों की सभी मांगों को पूर्ण करने की मांग की गई। श्री तितौरिया द्वारा कहा गया, हरियाणा की खट्टर सरकार द्वारा अपनी पुलिस द्वारा निहत्थे किसानों पर जिस प्रकार से दमनकारी कार्यवाही की गई, वह लोकतंत्र का हनन है। ऐसा प्रतीत होता है कि देश के अंदर ही हरियाणा, पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा बना दी गई है। जबकि यह किसान भी इसी देश के नागरिक है और इन्हें भी लोकतंत्र में अपनी बात कहने का पूरा हक है। श्री तितौरिया ने देश के सभी किसान व मजदूर संगठनों से पंजाब के किसानों का साथ देने का आहवान किया और किसान संगठनों द्वारा 16 फरवरी को किए गए भारत बंद को पूर्ण सफल बनाने के लिए आम जनता से अपील की।