
बरेली, 17 मार्च। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में सोमवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। आरोपी अफसर खान ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक सूचना मिली कि अफसर खान मुड़िया अहमदनगर के सहारा ग्राउंड में अवैध हथियार के साथ छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अफसर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल रूपेंद्र और कांस्टेबल अनुराग भी घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके से 32 बोर की पिस्तौल, वारदात में इस्तेमाल चाकू, चार जिंदा कारतूस और 10 खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अफसर खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2009 में उसने अपने सगे मामा की हत्या की थी, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी, लेकिन बाद में वह जमानत पर बाहर था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




