सुविधाएं न मिलने पर आवास विकास परिषद् का पुतला फूंका
लोकतंत्र भास्कर
मेरठ। जागृति विहार एक्सटेंशन सैक्टर-5 के आवंटियों ने एक वर्ष से लंबित मूलभूत सुविधाएँ न मिलने पर आवास विकास परिषद का पुतला दहन किया। आवंटी नेता सुशील कुमार पटेल ने बताया कि किसानों व विभाग के समझौते के एक वर्ष पश्चात भी विभाग अपने विकास कार्य पूर्ण नहीं कर पाया है, जबकि आवंटियों द्वारा आवास विकास कार्यालय के सैकड़ों चक्कर लगाने पर भी विभागीय अधिकारी आवंटियों को आश्वासन के अलावा कुछ नही दे पाए हैं।
सुशील पटेल ने बताया कि कॉलोनी में अब तक 50 से अधिक चोरियाँ हो चुकी हैं, जिससे आवंटियों का लाखों का नुकसान हो चुका है, इसके अलावा खुद आवास विकास परिषद का ही करीब 2 करोड़ रूपए का सामान चोरी हो चुका है, पर इतने नुकसान पर भी आवास विकास परिषद ने कॉलोनी में किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की है, आवंटियों की पुलिस चौकी की मांग की फाइल भी परिषद में दबी रह गई। कॉलोनी में सड़क, बिजली, पुलिया, पार्क आदि आज भी अपूर्ण हैं और सुरक्षा भी नहीं है, जिस कारण सैकड़ों आवंटी कॉलोनी में रिहाइश करने से कतरा रहे हैं। सुशील पटेल ने बताया कि तमाम समस्याओं पर आधारित बिन्दुवार ज्ञापन दिए भी 4 माह बीत चुके है, पर अभी तक किसी भी बिन्दु का समाधान आवास विकास परिषद नहीं कर पाया है। इससे छुब्ध होकर आवास विकास परिषद का पुतला दहन किया है और निस्तारण न होने पर जल्द ही आवंटी एक बार फिर आवास विकास कार्यालय पर तालाबंदी करेंगे। कार्यक्रम में ऋषिपाल सिंह, रमेश कुमार, संतोष कुमार, पियूष, गुरूदेव, सुभम, बाबुराम, अनिल कुमार, मनीष कुमार, रितू गुप्ता, सोहन सिंह, विवेक कुमार, विकास, हरिओम, नटवर लाल आदि शामिल रहे।