अवैध शराब के विरूद्ध करते रहे कार्यवाही: आशुतोष सिन्हा
-उप्र विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति ने की जनपद मेरठ व हापुड़ की समीक्षा
लोकतंत्र भास्कर
मेरठ। उप्र विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के सभापति आशुतोष सिन्हा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद मेरठ व हापुड़ की समीक्षा बैठक आहूत की गयी।
बैठक में समिति द्वारा विभिन्न प्रकरणों तथा अवैध अतिक्रमण, नियुक्ति की जांच आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शेष लंबित प्रकरण को शीघ्र निस्तारित कर दिया जाएगा। सभापति को गार्ड आफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सभापति को मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया। समिति ने प्रदेश के विभिन्न सम्प्रदायों तथा जातियों के बीच सद्भाव उत्पन्न करने, सरकारी कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा अपने कर्तव्यों का पालन करने की भावना को मजबूत करने तथा अपराधों में संलिप्त होने की दशा में की गयी कार्रवाई के साथ ही जनपद में विगत 5 वर्षों में अनुसूचित जाति के परिवारों के साथ हुई उत्पीड़न की घटनाएं, महिलाओं के शोषण, उत्पीड़न, दहेज, बलात्कार, हत्याओं पर की गयी कार्यवाही एवं छात्रवृत्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सदस्य लाल बिहारी यादव, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, नगर मजिस्ट्रेट अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, बीएसए आशा चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व जनपद हापुड़ के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।