आईआईएल फाउंडेशन और कृषि विवि के बीच हुआ समझौता
लोकतंत्र भास्कर
मेरठ। आईआईएल फाउंडेशन ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए है, जिसका उद्देश्य किसान को फसल सुरक्षा और पोषण के विषय में आधुनिक जानकारी उपलब्ध करवाना हैं।
एमओयू पर हस्ताक्षर समारोह सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विख्यात मेरठ परिसर में गन्ना परिचर्चा के लिए आयोजित एक किसान सम्मेलन के दौरान हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के प्रख्यात गन्ना विशेषज्ञ पद्मश्री सम्मानित डॉ. बक्शी राम थे, जो पूर्व निदेशक, गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयम्बत्तूर हैं। एमओयू पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डा. केके सिंह और इसेक्टिसाइडस (इंडिया) लिमिटेड के वाइस प्रेसीडेंट एमके सिंघल ने हस्ताक्षर किए हैं। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार डा. रामजी सिंह, निदेशक प्रसार डा. पीके सिंह, सीनियर जनरल मैनेजर आईआईएल संजय सिंह आदि गणमान्य अतिथियों ने लगभग 300 से अधिक किसानों के साथ हिस्सा लिया। कार्यकम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डा. बक्शी राम (पूर्व निदेशक, गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयम्बत्तूर) द्वारा सम्बोधन में गन्ना उत्पादन हेतु विभिन्न पहलुओं जैसे सिंचाई, उर्वरक प्रबन्धन, गन्ना सहफसली खेती एवं ट्रेंच विधि से गन्ना उत्पादन आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डा. केके सिंह द्वारा अध्यक्षीय सम्बोधन में बताया कि प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने हेतु पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ना उत्पादन की मुख्य भूमिका हैं। जनपद मुजफ्फरनगर एवं शामली के किसानों द्वारा रिकॉर्ड उत्पादन भी किया जा रहा हैं। एमके सिंघल (वाईस प्रेसीडेंट, आईआईएल) द्वारा कम्पनी के उत्पादों एवं गन्ना उत्पादन में कम्पनी की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई तथा बताया कि किसानों की आय बढ़ाने हेतु विश्वविद्यालय कार्यक्षेत्र के कृषि विज्ञान केन्द्र सहारनपुर एवं शामली जनपदों हेतु समझौता हस्ताक्षर किया गया। इसके फलस्वरूप आगामी तीन वर्षो में सहारनपुर एवं शामली जनपदों में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों के साथ कार्य किया जाएगा।